महासमुंद। रायपुर से टिटलागढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन में मोबाइल लूट के दौरान बदमाशों ने एक यात्री को चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया। घटना में यात्री के दोनों पैर कट गए।

घायल यात्री की पहचान ओडिशा के नुआपड़ा जिले के कादोमेरी गांव निवासी 45 वर्षीय संतू मांझी के रूप में हुई है। घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है, जब ट्रेन महासमुंद शहर के बिठौबा टॉकीज के पीछे से गुजर रही थी। संतू मांझी अपने मोबाइल फोन पर कुछ देख रहे थे, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर ट्रेन से बाहर फेंक दिया। संतुलन बिगड़ते ही वे सीधे रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े। दुर्भाग्य से उनके दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आ गए और वह बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें गिरते देखा और तुरंत शोर मचाया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद राहुल आंवड़े मौके पर पहुंचे और डायल 112 को कॉल किया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल संतू मांझी को रेलवे ट्रैक से उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते वे बेहोश हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है और यात्रियों से पूछताछ के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *