रायपुर। मंगलवार को दिनभर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चलती रही। दोनों ओर से रुक रुक कर गोलीबारी होती रही। पुलिस ने 6 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। इसके अलावा कोई नक्सलियों के घायल होने की भी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अब बस्तर से जल्द ही नक्सलियों का सफाया हो जाएगा। अंत तक लड़ाई जारी रहेगी।
बता दें कि मंगलवार को बीजापुर में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस की डीआरजी (District Reserve Guard) और एसटीएफ (Special Task Force) की संयुक्त टीम द्वारा नक्सलियों के साथ चल रही मुठभेड़ में अब तक छह नक्सली न्यूट्रलाइज किए गए हैं। यह लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में सुरक्षाबलों के जवानों की बड़ी सफलता है। साय ने कहा कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम चरण में है। देश और प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का जो संकल्प लिया गया है, उसकी दिशा में यह एक और निर्णायक कदम है। छत्तीसगढ़ सरकार इस मिशन को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।
