पटना। बिहार सरकार बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार देने के लिए अलग योजना लेकर आई है। इसके तहत अब देशी भैंस पालने पर सरकार द्वारा 75 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। डेयरी की स्थापना करने के लिए एक बड़ी राशि सब्सिडी के रूप में दे रही है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की ओर से गाय और भैंस पालन से संबंधित कई योजनाओं पर यह सब्सिडी मिलेगी। इसके लिए पहले उम्मीदवारों को आवेदन भरना होगा। बिहार सरकार ने देशी गौपालन योजना, समग्र भैंस पालन योजना और समग्र गव्य विकास योजना के तहत इस सब्सिडी को शामिल किया है।
इन सभी योजना का लाभ उठाने के लिए 25 जुलाई 2025 तक वेबसाइट dairy.bihar.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। एक भैंस के लिए 1,21,000 रुपये और 2 भैंस के लिए 2,42,000 रुपये की लागत निर्धारित की गई है, जिसपर पर अनुदान राशि उपलब्ध होगी। इसमें अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के लिए क्रमशः 90,750 रुपये और 1,81,500 रुपये, जबकि अन्य वर्गों के लिए 60,500 रुपये और 1,21,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा। अब तक बिहार सरकार की इस योजना के लिए सरकार को 6 हजार से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

