गया| बिहार के गया जिले में एक रेप पीड़िता की मां का इलाज करने गए एक डाॅक्टर को कुछ लोगों ने पेड़ से बांधकर जमकर मारपीट की है। इस मारपीट में डाॅक्टर खून से लतपथ और अधमरा सा हो गया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
बिहार के आरजेडी पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने अपने एक्स एकाउंट में इस वीडियों को लिखकर बिहार प्रशासन की निंदा की है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी है। घटना जिले के गुरपा थाना क्षेत्र की है।x
तेजस्वी यादव ने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा, ‘बिहार में तालिबान से भी बदतर स्थिति है। गया जिला में बलात्कार पीड़िता की मां का इलाज करने गए डॉक्टर को आरोपियों ने पेड़ से बांधकर पीट-पीट कर खून से लथपथ कर दिया। 20 वर्षों की भ्रष्ट सरकार में पुलिस और प्रशासन अपराध रोकने, अपराधियों को पकड़ने, सजा एवं न्याय दिलाने में बिल्कुल असमर्थ है इसलिए जिसकी जहां मर्जी जैसे मर्जी कानून को लोग हाथों में ले रहे है। बिहार में अराजक स्थिति है। मुख्यमंत्री अचेत हैं, सरकार नशे में है। अधिकारी और मंत्री खजाना लूटने में मस्त-व्यस्त तथा शासन अस्त-पस्त है।’
जानकारी के अनुसार बिहार के गया में मंगलवार को एक ग्रामीण डॉक्टर जितेंद्र कुमार इलाज करने गए थे। इस दौरान ग्रामीण डॉक्टर को बदमाशों ने पकड़ लिया और उसकी एक पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान डाॅक्टर की भांजी ने पुलिस को 112 में डायल कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित को छुड़ाया और उसे गया के अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, बदमाश युवक रेप पीड़ित महिला के परिवार पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। चार साल पहले ही गांव के कुछ युवकों ने परिवार की लड़की के साथ दुराचार किया था। जिसकी 30 मई को सुनवाई होनी थी। रेप के आरोपी में केवल एक ही गिरफ्तार है और बाकी फरार चल रहे हैं। मारपीट करने वाले आरोपियों ने डाॅक्टर को पीड़ित परिवार की मदद करने के लिए इस तरह की मारपीट की।
