भिलाई # सीजी। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) परिसर में प्रवेश कर कॉपर केबल वायर चोरी करने वाले दो युवकों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी प्लांट के एसएमएस-03 स्थित कोयला क्षेत्र के पास से कॉपर केबल वायर के टुकड़े चोरी कर बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान मरोदा रेलवे गेट के पास CISF के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.200 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बीएसपी इकाई भिलाई की ओर से थाना भिलाई भट्ठी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दो व्यक्तियों ने संयंत्र परिसर में प्रवेश कर एसएमएस-03 के कोयला क्षेत्र के पास से कॉपर केबल वायर के टुकड़े चोरी किए थे। चोरी का सामान लेकर बाहर निकलते समय दोनों को मरोदा रेलवे गेट के पास CISF ने पकड़ लिया।
शिकायत के आधार पर भिलाई भट्ठी पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और विवेचना के दौरान दोनों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया 11.200 किलोग्राम कॉपर केबल वायर जब्त किया।दोनों आरोपी स्टेशन मरोदा के निवासीगिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन बाग (20 वर्ष) और तामेश्वर निहाल (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों शंकर पारा, स्टेशन मरोदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 19 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
