दुर्ग # सीजी। शहर के चर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग ने 18 नवंबर 2026 को मामले में फैसला सुनाते हुए चारों आरोपियों को हत्या और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराया। वहीं, दो आरोपियों को आर्म्स एक्ट के तहत भी अतिरिक्त सजा सुनाई गई है।

मामला 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे का है। गंजपारा नाका चौक के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का आरोपियों ने रास्ता रोक लिया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार और कड़े से हमला किया गया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, चिकित्सकीय रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए।

पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की पैरवी के आधार पर न्यायालय ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23), शुभम शर्मा (25), वंश राजपूत (19) और अमिताभ उर्फ चंदू (19) को दोषसिद्ध करार दिया। चारों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 34 और 120बी के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही धारा 341 के तहत एक माह का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) और 27 के तहत क्रमशः दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास से भी दंडित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *