रायपुर # सीजी। नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास करने के मामले में रायपुर पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिलाओं ने ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी एक गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया। इसके बाद उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का प्रलोभन दिया। महिला के विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया और प्रसव के बाद नवजात सहित बंधक बनाकर रखा गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का गर्भावस्था के दौरान रायपुर निवासी कृतिका साहू से संपर्क हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां उसकी मुलाकात गीतिका और अहिल्या से कराई गई। इसके बाद उसे गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को बेचने का प्रस्ताव रखा, लेकिन पीड़िता ने इससे इनकार कर दिया।
आरोप है कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को नवजात सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया और बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने उसे धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई बच्चे को बेचकर की जाएगी। पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं में कृतिका साहू (34), निवासी आमापारा रामकुंड रायपुर, अहिल्या नामदेव (40), निवासी सीतानगर गोगांव रायपुर और गीतिका नाग (36), निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-3 जिला दुर्ग शामिल हैं। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी आरोपियों की संलिप्तता से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही अन्य संभावित आरोपियों और पूर्व में हुई घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
