दुर्ग # सीजी। शहर में ऑटो या ई-रिक्शा में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अब ऑटो में बैठने से पहले यात्री चालक की पहचान और सत्यापन से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। दुर्ग पुलिस ने ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों के लिए QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है। इसका रजिस्ट्रेशन 16 अगस्त 2026 से शुरू होगा।

पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस इस पूरी व्यवस्था को लागू करने की तैयारी में जुटी है। इसी सिलसिले में बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 150 ऑटो चालकों की बैठक लेकर उन्हें नई व्यवस्था की जानकारी दी गई।

QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी : नई व्यवस्था के तहत सत्यापन और रजिस्ट्रेशन के बाद ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को QR कोड जारी किया जाएगा। यात्री इस QR कोड को मोबाइल से स्कैन कर चालक की पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारी देख सकेंगे। पुलिस का उद्देश्य है कि यात्रियों को अनजान चालक के साथ सफर करने को लेकर किसी तरह की आशंका न रहे और जरूरत पड़ने पर चालक की पहचान आसानी से की जा सके।पुलिस ने साफ किया है कि केवल चालकों का रजिस्ट्रेशन ही नहीं किया जाएगा, बल्कि ऑटो संचालन को भी व्यवस्थित किया जाएगा। इसके तहत ऑटो खड़े करने के लिए निर्धारित स्थान, रोटेशन सिस्टम और किराये की व्यवस्था को लेकर नियम तय किए जाएंगे।

इससे प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऑटो की बेतरतीब पार्किंग कम करने और यात्रियों को आसानी से ऑटो उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।बैठक में चालकों को अपने वाहन के सभी दस्तावेज पूरे और अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना कोई भी चालक वाहन न चलाए। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। जिन चालकों के दस्तावेज अधूरे हैं, उनके कागजात पूरे कराने के लिए परिवहन विभाग से चर्चा की जाएगी। पुलिस के अनुसार सरकारी शुल्क के आधार पर आवश्यक दस्तावेज बनवाने में भी सहयोग किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *