भिलाई # सीजी। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतका खुशी साहू की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि वह अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष) निवासी सकरी, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। जब युवती ने उससे बातचीत करने से इनकार कर दिया तो उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। वह रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। कमरे में दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से उसके शरीर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने अपने पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि त्वरित जांच, तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से इस गंभीर हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *