अंबिकापुर # सीजी। शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से बुधवार देर शाम सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध 11 अपचारी बालक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, देर शाम तेज बारिश के दौरान क्षेत्र की बिजली गुल हो गई थी। अंधेरे और अव्यवस्था का फायदा उठाते हुए अपचारी बालकों ने सुनियोजित तरीके से भागने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले एक खिड़की तोड़ी और फिर पीछे की दीवार फांदकर एक-एक कर परिसर से बाहर निकल गए।घटना के समय मुख्य प्रवेश द्वार पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात थे, लेकिन इसके बावजूद 11 बालकों का फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालकों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों का आकलन कर मौके का फायदा उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल गांधीनगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार बालकों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
