दुर्ग # सीजी। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलगांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो से अधिक अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला थाना पुलगांव क्षेत्र के चंदखुरी का है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नदी रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपी खुंटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम चंदखुरी थाना पुलगांव जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से 2 किलो 127 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 6 हजार 350 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के पास से नगदी और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *