भिलाई # सीजी। खाद एवं औषधि विभाग ने जिले में चल रहे सघन जांच पड़ताल अभियान के सातवें दिन रविवार को पाटन स्थित सामुदायिक स्वास्थ केंद्र और झीट पहुंचकर वैक्सीन स्टोरेज और कोल्ड चेन सुविधाओं की जानकारी जुटाई। वहीं खाद्य शाखा ने भी जिले के कई बड़े अस्पतालों में संचालित कैंटीन में जाकर साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं देखी।

जिला खाद्य एवं औषधि विभाग के सहायक औषधि नियंत्रक संजय सिंह झड़ेकार के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक विष्णु साहू सहित अन्य अफसर अभियान में शामिल रहे। विष्णु साहू ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर 15 दिवसीय अभियान लगातार चलाया जाएगा। 03 मई को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पाटन एवं झीट में कोल्ड स्टोरेज वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण किया गया। इस संबंध में रेफ्रिजरेटर टेम्परेचर डिस्प्ले लगाकर रिकार्ड एवं वैक्सीन ट्रांसपोर्ट सुविधा, वैक्सीन कैरियर उपलब्धता की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों का निराकरण कर औपधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियम 1945 का कड़ाई से पालन करते हुए संचालन के निर्देश दिए।
- खाद्य शाखा : अभियान के 7वें दिन 3 मई को जिले में स्थित अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। नेहरू नगर में संचालित चंदूलाल चंदाकर मेमोरियल हास्पिटल के कैन्टीन व मेस, हाईटेक हास्पिटल, मित्तल हास्पिटल, सुपेला क्षेत्र में संचालित बीएम शाह हास्पिटल, स्पर्श हॉस्पिटल, जिला दुर्ग चिकित्सालय में संचालित कैन्टीन की भी जांच की गई।
