रायपुर # सीजी। रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 करोड़ रुपये कीमत की पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई भाठागांव के पास रावांभाठा इलाके में की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि एक झुग्गी में दो संदिग्ध तस्कर जिंदा पैंगोलिन के साथ मौजूद हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने जाल बिछाया और एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा गया।कर्मचारी के पहुंचने पर आरोपियों ने उसे पैंगोलिन दिखाई और उसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई। जैसे ही सौदा तय हुआ, कर्मचारी ने इशारा किया और बाहर इंतजार कर रही टीम ने तुरंत दबिश दी।टीम को देखकर दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलो वजनी जिंदा पैंगोलिन जब्त की गई है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, टीम पिछले एक सप्ताह से आरोपियों की तलाश कर रही थी और कड़ी मेहनत के बाद यह सफलता मिली है।
