दुर्ग # सीजी। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित एक जूता-चप्पल शोरूम में रविवार रात करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि आग दो मंजिला दुकान में लगी थी, जो तेजी से फैल रही थी। हालात को देखते हुए दमकल की 4 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने शटर खोलकर बाहर से पानी डालने के साथ-साथ अंदर प्रवेश कर जान जोखिम में डालकर आग बुझाने का काम शुरू किया।करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान लगभग 15 से अधिक पानी के टैंकरों की जरूरत पड़ी। राहत की बात यह रही कि आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना स्थल पर जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पूरी टीम ने अभियान चलाया। टीम में सहायक फायर प्रभारी प्रवीण बारा, सहायक स्टेशन प्रभारी संतोष पाण्डेय सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अग्निशमन दल की तत्परता और समन्वय के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *