रायपुर (डेस्क न्यूज)। एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर तेल कंपनियों ने नए नियम लागू कर दिए हैं, जिसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। अब गैस सिलेंडर की डिलीवरी तय अंतराल के बाद ही की जाएगी और बुकिंग प्रक्रिया भी पहले से अधिक सख्त कर दी गई है।
नए नियमों के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं के पास एक सिलेंडर है, उन्हें 25 दिन बाद ही अगली गैस सप्लाई मिलेगी। वहीं दो सिलेंडर वाले उपभोक्ताओं को 35 दिन का इंतजार करना होगा। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए यह अवधि और बढ़ाकर 45 दिन कर दी गई है। इसके अलावा, कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी सीमित कर दी गई है। अब इन्हें केवल आपात सेवाओं और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर दिया जा रहा है।
इससे पहले गैस की किल्लत को देखते हुए Bharat Petroleum Corporation Limited (BPCL) ने एक नई बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू की थी। इसके तहत जिन उपभोक्ताओं ने सालाना 12 सिलेंडर का कोटा पूरा कर लिया है, उन्हें अगली बुकिंग के लिए Hello BPCL ऐप के जरिए कुछ सवालों के जवाब देने होंगे।
- बुकिंग के दौरान पूछे जाएंगे ये सवाल
- क्या परिवार में 6 या उससे अधिक सदस्य हैं?
- क्या घर में मेहमान आए हुए हैं?
- क्या शादी, भंडारा या कोई अन्य कार्यक्रम है?
- क्या गैस अन्य घरेलू जरूरतों के लिए चाहिए?इन सवालों के जवाब के आधार पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग को मंजूरी दी जाएगी।
- तेल कंपनियों का कहना है कि यह व्यवस्था गैस की उपलब्धता को संतुलित करने और जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक सप्लाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। हालांकि, नए नियमों से आम लोगों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
