रायपुर # सीजी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण, परिवहन एवं निर्धारित मात्रा से अधिक धान संग्रहण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 20 से 22 नवंबर तक जिले के विभिन्न तहसीलों में कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध धान जब्त किया गया।

  • 20 नवंबर : महासमुंद जिले के तहसील कोमाखान अंतर्गत ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन एवं चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे गए 600 कट्टा अवैध धान पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। इसी दिन धान उपार्जन केंद्र बम्हनी एवं बरोण्डा बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान धान के स्टैक तिरपाल से ढके पाए गए। समिति प्रबंधक को पर्याप्त मात्रा में तिरपाल उपलब्ध रखने, रस्सियों से मजबूती से बांधने तथा उपार्जन केंद्र के चारों ओर बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं तहसील महासमुंद के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल (132 कट्टा) धान जब्त किया गया।
  • 21 नवंबर : तहसील सरायपाली अंतर्गत ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। तहसील बसना के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा तथा ग्राम दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। इसी प्रकार तहसील क्षेत्र में खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा अवैध धान का परिवहन करते पाए जाने पर धान मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर मंडी विभाग द्वारा कार्रवाई की गई।एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा एवं मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां 60 कट्टा अर्थात 24 क्विंटल अवैध धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई। साथ ही मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया।तहसील पिथौरा के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम द्वारा कृषक वी.के. अग्रवाल के निजी गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां 300 पैकेट रबी फसल का धान भंडारित पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
  • 22 नवंबर को भी जारी रही कार्रवाई : तहसील कोमाखान के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से 150 कट्टा रबी फसल का धान तथा ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।इसी तरह ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में 350 बोरा रबी फसल का धान भंडारित पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। तहसील सरायपाली के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *