भिलाई # सीजी। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, नकदी वाहन के पिछले हिस्से में बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। मामले में वाहन चालक समेत दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 26 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 से भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे वाहन को रोककर तलाशी ली।जांच के दौरान वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बंद किया हुआ मिला। सघन तलाशी लेने पर उसमें एक गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर खोलने पर पुलिस को भारतीय मुद्रा में कुल चार करोड़ रुपये मिले।
वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और परिवहन के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।
- इनकम टैक्स विभाग को सौंपा जाएगा मामला : पुलिस के मुताबिक, बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना भेजी जा रही है। मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। फिलहाल, नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के वास्तविक उद्देश्य के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
