भिलाई # सीजी। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में भारत सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नगरीय क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए नागरिकों को खेल, शारीरिक गतिविधियों एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं खेल जगत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस अवसर पर खेलों के प्रति युवाओं एवं आम नागरिकों में रुचि बढ़ाने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए विभिन्न खेल एवं फिटनेस संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान में विभिन्न आयु वर्ग के नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा, ताकि खेल एवं फिटनेस गतिविधियां केवल खिलाड़ियों तक सीमित न रहकर आमजन तक पहुंच सकें।

अभियान का यह उद्देश्य

अभियान का प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को खेलों से जोड़ना, नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का संदेश भी दिया जाएगा। निगम क्षेत्र में आयोजित होने वाली गतिविधियों में नागरिकों, युवाओं, बच्चों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न वर्गों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस के माध्यम से भिलाईवासियों को यह संदेश दिया जाएगा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है। नगर पालिक निगम भिलाई का यह अभियान खेलो, फिट रहो और स्वस्थ जीवन जियो की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *